बिलासपुर। बोदरी चौक में धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का एक चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार भ्रमण और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी चौक में एक युवक हाथ में तेज धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना पर चकरभाठा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विष्णु सूर्यवंशी (21), पिता बलदाऊ सूर्यवंशी, निवासी बोदरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया।

सार्वजनिक स्थान पर बिना किसी वैध दस्तावेज के धारदार हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चकरभाठा के नेतृत्व में की गई।

पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 अथवा थाना चकरभाठा को दें और पुलिस को सहयोग प्रदान करें।