बिलासपुर। दीपावली की रात देशभर में जहां मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है, वहीं पश्चिम बंगाल, असम सहित देश के कई हिस्सों में इसी रात मां काली की आराधना की विशेष परंपरा है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए छत्तीसगढ़ बंगाली समाज की ओर से इस वर्ष भी तोरवा धान मंडी चौक स्थित बंगला भवन में श्री श्री मां काली पूजा का आयोजन किया गया। अमावस्या की रात बंगाल की पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार पूजा के विभिन्न अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग और श्रद्धालु शामिल हुए।
हिंदू धर्म में मां काली को आदिशक्ति और मां दुर्गा का उग्र स्वरूप माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, असुरों के अत्याचार से देवताओं और संसार की रक्षा के लिए मां दुर्गा के क्रोध से मां काली प्रकट हुई थीं। उन्होंने चंड-मुंड और रक्तबीज जैसे शक्तिशाली असुरों का संहार कर अधर्म और आसुरी शक्तियों का अंत किया। मां काली को अन्याय, बुराई और नकारात्मक शक्तियों का नाश करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। उनका स्वरूप शक्ति, साहस और बुराई पर विजय का प्रतीक है। शाक्त परंपरा में मां काली की उपासना का विशेष महत्व है। तंत्र साधना में भी उनके इस स्वरूप की आराधना की जाती है।
छत्तीसगढ़ बंगाली समाज की ओर से बिलासपुर में लगातार 9 वर्षों से मां काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी बंगाली भवन में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। देर रात तक धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित की और प्रसाद एवं भोग वितरण किया गया।
आयोजन में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा नेता एवं आयुष विश्वविद्यालय के सदस्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर और भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोशन सिंह सहित अनेक विशिष्टजन शामिल हुए। सभी ने मां काली की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और शहर की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि वे हर वर्ष इस आयोजन में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। देवी के सामने वे पूरे प्रदेश की खुशहाली, शांति और मंगल की कामना करते हैं। उन्होंने समाज के लोगों को दीपावली और काली पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।
भाजपा नेता डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि भारत की विशेषता यहां की विविध संस्कृतियों और परंपराओं का अद्भुत संगम है। बिलासपुर में बंगाली समाज द्वारा आयोजित मां काली पूजा में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि वे नियमित रूप से इस आयोजन में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने दीपावली और मां काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
तीन दिवसीय आयोजन, मंगलवार को होगा प्रतिमा विसर्जन
छत्तीसगढ़ बंगाली समाज के प्रदेश अध्यक्ष पल्लव धर ने बताया कि मां काली पूजा के अवसर पर तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन अमावस्या की रात मां काली की पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और पुष्पांजलि संपन्न हुई। सोमवार को दधि कर्म पूजा और शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भंडारा भी होगा। मंगलवार को विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
कोलकाता के कालीघाट और दक्षिणेश्वर मंदिर हैं प्रसिद्ध
पश्चिम बंगाल में मां काली की आराधना का विशेष महत्व है। कोलकाता स्थित कालीघाट और दक्षिणेश्वर मां काली के देशभर में प्रसिद्ध मंदिरों में शामिल हैं। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। दीपावली की अमावस्या पर बंगाल में काली पूजा का विशेष आयोजन होता है। बिलासपुर में भी बंगाली समाज के साथ-साथ अन्य श्रद्धालु इस परंपरा में उत्साह से भाग लेते हैं। कालीबाड़ी के अलावा सार्वजनिक दुर्गा पूजा उत्सवों और कई घरों में भी मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।