घर में ही मिला सांप, परिजनों ने पकड़कर डॉक्टरों को बताया कोबरा; पचपेड़ी थाना क्षेत्र के कुकुर्दीकला की घटना

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकला में बुधवार रात बिस्तर पर सो रही 9 वर्षीय छात्रा की सर्पदंश से मौत हो गई। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली सुधा साहू रात करीब 7.55 बजे अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान घर में घुसे सांप ने उसे डस लिया। चीख सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और उसे तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने घर में सांप की तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया। परिजनों के मुताबिक सांप कोबरा था। सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

चूहों के पीछे घर तक पहुंचते हैं सांप

स्नेक कैचर अंकित के अनुसार घर में रखा अनाज और चूहे सांपों को आकर्षित करते हैं। घर के आसपास साफ-सफाई रखना, चूहों की रोकथाम करना और कूड़ा-कचरा जमा नहीं होने देना जरूरी है। रात के समय जहरीले सांप अधिक सक्रिय रहते हैं, इसलिए जमीन पर सोने से बचना चाहिए और मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए।

सांप की पहचान में समय न गंवाएं

सिम्स के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. लखन सिंह ने बताया कि जहरीले सांप के काटने पर हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। सांप को खोजने या पकड़ने में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। सुरक्षित तरीके से सांप की फोटो मिल सके तो डॉक्टर को दिखाई जा सकती है, लेकिन इसके लिए इलाज में देरी नहीं होनी चाहिए। कोबरा के जहर से पलकों का झुकना, बोलने या निगलने में परेशानी, कमजोरी और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों में तत्काल चिकित्सा सहायता जरूरी है।