झाल मोड़ के पास जांच के दौरान पकड़ाए वाहन, महासमुंद जिले के चार चालक खनिज परिवहन से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके

बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने अवैध खनिज परिवहन की आशंका पर कार्रवाई करते हुए काला पत्थर (फर्श) से लदे 4 माजदा वाहनों को जब्त किया है। वाहनों में लोड खनिज के परिवहन से संबंधित रॉयल्टी और अन्य वैध दस्तावेज चालक मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने चारों वाहन और उनके चालकों को थाने लाकर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार 2 नवंबर को स्थायी वारंटियों की तलाश के दौरान बिल्हा पुलिस की टीम झाल मोड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान वहां से काला पत्थर (फर्श) लोड कर जा रहे 4 माजदा वाहनों को रोककर जांच की गई। चालकों से खनिज के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चारों वाहनों को जब्त कर लिया और चालकों के विरुद्ध अलग-अलग इस्तगासा तैयार किया।

जब्त किए गए वाहनों में माजदा क्रमांक CG 06 GZ 0571, CG 06 GQ 3023, CG 04 MM 1351 और CG 04 PX 8189 शामिल हैं।

वाहन चालकों की पहचान हिलेश यादव (23), निवासी बिरकोनी, दुर्गेश यादव (23), निवासी महासमुंद, मनीराम यादव (23), निवासी बरबसपुर और डाहरू यादव (35), निवासी बिरकोनी, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।

पुलिस ने चारों के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए वाहन और खनिज जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक अजय साहू, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे तथा आरक्षक संतोष मरकाम और अर्जुन जांगड़े की भूमिका रही।