1 नवंबर की फ्लाइट रद्द, 8 नवंबर से दोबारा संचालन की तैयारी; सप्ताह में दो दिन उड़ान जारी रखने के निर्देश के बाद भी बदला फैसला
बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा का शेड्यूल एक बार फिर बदल गया है। पहले सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित करने की घोषणा हुई थी, लेकिन अब एयरलाइंस कंपनी ने इसे घटाकर सप्ताह में केवल एक दिन कर दिया है। रविवार 1 नवंबर को प्रस्तावित उड़ान भी रद्द कर दी गई है। अब यात्रियों को 8 नवंबर तक इंतजार करना होगा। इस तारीख से रविवार को उड़ान संचालित करने की जानकारी दी गई है और टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है।
विंटर शेड्यूल में बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट को सप्ताह में दो दिन चलाने का कार्यक्रम तय किया गया था। करीब 37 दिन तक बंद रहने के बाद 25 अक्टूबर को इस सेवा की दोबारा शुरुआत हुई थी। लेकिन पहली उड़ान के बाद ही कंपनी ने संचालन रोक दिया। यात्रियों की कम संख्या को इसकी वजह बताया गया। हालांकि, पहली उड़ान में 36 यात्रियों ने सफर किया था और अगली उड़ान के लिए 42 यात्रियों की बुकिंग भी हो चुकी थी। इसके बावजूद सेवा रद्द कर दी गई और यात्रियों को टिकट की रकम वापस करनी पड़ी।
शासन के निर्देश के बाद भी नहीं बढ़े उड़ान के दिन
उड़ान बंद होने के फैसले पर हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने नाराजगी जताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। समिति के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विमानन अधिकारियों से चर्चा कर सेवा जारी रखने के निर्देश दिए थे। बताया गया कि विमानन संचालनालय ने एलायंस एयर को सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित करने के लिए ईमेल भी भेजा था।
इसके बावजूद अब एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से सप्ताह में केवल रविवार को उड़ान चलने की जानकारी दी गई है। इससे दो दिन सेवा जारी रखने के लिए किए गए प्रयासों के बाद भी यात्रियों को पहले की तरह सीमित सुविधा ही मिल पाएगी।
बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के डायरेक्टर बीरेन सिंह के अनुसार, बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट 8 नवंबर से शुरू होगी और फिलहाल सप्ताह में एक दिन रविवार को ही संचालित की जाएगी।