बिलासपुर। जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार को राजीव गांधी चौक के कुम्हारपारा में दही-हांडी कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मटकी बांधते समय 20 वर्षीय युवक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार राज खान (20), पिता कल्लू खान दही-हांडी कार्यक्रम के लिए मटकी बांध रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जन्माष्टमी के आयोजन के दौरान हुए इस हादसे ने हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।