सिलपहरी, सिरगिट्टी और तिफरा औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगपतियों से शामिल होने की अपील, मुख्य अभियंता कार्यालय में शाम 4 बजे होगी बैठक, बिजली विभाग के अधिकारियों से होगा सीधा संवाद

बिलासपुर। औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और बार-बार सामने आ रही तकनीकी परेशानियों को लेकर जिला उद्योग संघ ने पहल की है। उद्योगपतियों की समस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार 3 नवंबर को विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता सहित सिलपहरी, सिरगिट्टी सेक्टर एबीसी और तिफरा के इंचार्ज अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक शाम 4 बजे तिफरा स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय में होगी।

जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश शाह और महासचिव शरद सक्सेना की ओर से 3 नवंबर को जारी सूचना में बताया गया है कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित गंभीर समस्याओं को देखते हुए यह बैठक बुलाई गई है। इसमें संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों के सभी उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे विद्युत विभाग के अधिकारियों के सामने रख सकें और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल हो सके।

संघ ने सिलपहरी, सिरगिट्टी और तिफरा औद्योगिक क्षेत्रों के सभी उद्योग संचालकों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। उद्योगपतियों से कहा गया है कि वे अपनी समस्याओं को स्पष्ट रूप से अधिकारियों के सामने रखें। साथ ही यदि वे अपनी शिकायतों और समस्याओं को फर्म के लेटरहेड पर लिखकर लाते हैं तो उनके निराकरण में अधिकारियों को आसानी होगी।

औद्योगिक इकाइयों के संचालन में निर्बाध बिजली आपूर्ति महत्वपूर्ण है। बिजली की समस्या से उत्पादन प्रभावित होने के साथ मशीनों के संचालन और औद्योगिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है। ऐसे में उद्योग संघ की इस पहल को उद्योगपतियों और विद्युत विभाग के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में सामने आने वाली समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा होगी।