सीपत के ग्राम ऊनी में 6 लोगों पर मारपीट का आरोप, पंच की बाईं आंख, माथे और सिर पर आई चोटें

बिलासपुर। ट्रांसफॉर्मर से सीधे तार जोड़कर खेतों में अवैध रूप से सिंचाई करने का विरोध करना ग्राम पंचायत के एक पंच को भारी पड़ गया। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में बिजली चोरी का विरोध करने पर 6 लोगों ने पंच के साथ मारपीट कर दी। हमले में पंच की बाईं आंख, माथे और सिर पर चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम ऊनी के शिव मोहल्ला निवासी दुर्गेश्वर सिंह ठाकुर (48) ग्राम पंचायत के पंच हैं। वे शाम को अपने बेटे मिथिलेश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेवार मोड़ तालाब के पास उन्होंने कुछ लोगों को बिजली के पोल से सीधे तार जोड़कर पंप के जरिए खेतों में पानी डालते देखा।

दुर्गेश्वर ने इसका विरोध करते हुए कहा कि बिजली की इस तरह चोरी करने से दूसरे ग्रामीणों के मीटर का बिल बढ़ता है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विरोध से नाराज रामकुमार, रमेश, अजय समेत 6 लोगों ने गाली-गलौज करते हुए पंच को घेर लिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।

बेटे और ग्रामीण ने किया बीच-बचाव

मारपीट के दौरान दुर्गेश्वर सिंह ठाकुर की बाईं आंख, माथे और सिर पर चोटें आईं। घटना के समय उनके साथ मौजूद बेटे मिथिलेश और एक अन्य ग्रामीण ने बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों से बचाया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।