बिलासपुर। बिलासपुर-पेंड्रा रेल मार्ग पर भनवारटंक के पास स्थित टनल में ट्रेन के आगे एक तेंदुआ चलता दिखाई देने का मामला सामने आया है। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के दौरान रेलवे चालक की नजर तेंदुए पर पड़ी। चालक ने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है।

वायरल वीडियो में तेंदुआ रेलवे ट्रैक पर टनल के भीतर आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। उसके पीछे ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। तेंदुआ कुछ दूरी तक पटरी पर ट्रेन के आगे चलता रहा। इसके बाद वह जंगल की ओर चला गया। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी और तेंदुआ सुरक्षित रूप से जंगल की तरफ निकल गया।

जंगल से सटे रेलमार्ग पर लगातार नजर आ रहे वन्यजीव

भनवारटंक क्षेत्र घने जंगल और पहाड़ी इलाके से घिरा हुआ है। इसके चलते यहां अक्सर वन्यजीवों की मौजूदगी देखी जाती है। ट्रेन के आगे तेंदुआ दिखाई देने की घटना ने एक बार फिर इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को सामने ला दिया है। वन विभाग को घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में निगरानी बढ़ाने की संभावना है।

5 अगस्त को सड़क किनारे भी दिखा था तेंदुआ

इस क्षेत्र में तेंदुआ दिखने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 5 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे बिलासपुर से बेलगहना होते हुए गौरेला जाने वाले मार्ग पर भी तेंदुआ सड़क किनारे दिखाई दिया था। सड़क से गुजर रहे लोगों ने वाहन रोके बिना मोबाइल से उसका वीडियो बनाया था। अब भनवारटंक टनल में तेंदुए के ट्रेन के आगे चलते हुए सामने आए वीडियो से क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है।