बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर एक निजी सलाहकार से 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की ठगी करने वाली महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की (34), निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की पहचान वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन से हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय स्तर की पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा किया। उसने प्रार्थी के जमीन विवाद को सुलझाने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास हासिल किया। इसके बाद राजनीति में रुचि और बेरोजगारी का फायदा उठाते हुए पार्टी में बड़ा पद दिलाने तथा ज्वाइनिंग कराने का झांसा दिया।
आरोप है कि महिला ने पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी से रकम ली। इसके अलावा उसके दोस्तों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के माध्यम से भी रकम मंगाई गई। अलग-अलग माध्यमों से कुल 82,63,194 रुपए लेने के बाद जब प्रार्थी ने रकम वापस मांगी और पद दिलाने के संबंध में जानकारी चाही तो महिला ने कथित तौर पर धमकाया और झूठे महिला संबंधी मामलों में फंसाने की बात कही।
शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के झगराखांड और खोंगापानी रवाना किया गया। स्थानीय पुलिस और गवाहों की मदद से आरोपी महिला को उसके निवास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस ने उसके द्वारा ठगी किए जाने की बात स्वीकार करने का दावा किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी के दस्तावेज व बायोडाटा जब्त किए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पूर्व आपराधिक मामलों की भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ झगराखांड थाने में मारपीट, वसूली और जुआ अधिनियम से जुड़े कई मामले तथा रायपुर के सिविल लाइन थाने में वसूली से संबंधित मामला दर्ज रहा है। मामले में BNS की धारा 318(4) और 119(1) के तहत कार्रवाई की गई है।