बिलासपुर। भाजपा संगठन में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर सरकंडा क्षेत्र के एक युवक से 82.63 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला निखत परवीन साबरी को मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी से हिरासत में लेकर बिलासपुर लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।


पुलिस के मुताबिक श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की करीब एक साल पहले फेसबुक के जरिए निखत परवीन से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को भाजपा का बड़ा कार्यकर्ता बताते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा किया। शुरुआत में उसने जमीन विवाद से जुड़े मामले में मदद कर चेतन का विश्वास हासिल किया। इसके बाद उसने युवक को भाजपा संगठन में बड़ा पद दिलाने का प्रस्ताव दिया और पार्टी फंड सहित अन्य कार्यों के नाम पर रकम मांगनी शुरू कर दी।


पीड़ित के अनुसार 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच उसने महिला को करीब 62.63 लाख रुपये ऑनलाइन और 20 लाख रुपये नकद दिए। बताया जा रहा है कि कुछ रकम महिला की बहन के बैंक खाते में भी ट्रांसफर कराई गई। काफी समय बीतने के बाद जब संगठन में पद नहीं मिला तो चेतन ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद महिला ने उसे जान से मारने की धमकी दी।


शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


पहले भी ठगी के आरोप


बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के खिलाफ मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में भी लोगों को इसी तरह झांसा देकर रकम लेने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पुलिस इन मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। इधर, पीड़ित की पत्नी सिंचाई विभाग में SDO के पद पर पदस्थ हैं। बताया गया है कि चेतन लंबे समय से राजनीति और राजनीतिक दलों से जुड़ने की इच्छा रखता था, इसी का फायदा उठाकर महिला ने उसे अपने झांसे में लिया।


राजनीतिक रसूख हांसिल करने के नाम पर ठगे जा रहे हैं कई धन कुबेर


वैसे यह अकेला मामला नहीं है। बिलासपुर में भी ऐसे कई धन कुबेर है जो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में बड़ा पद चाहते हैं और अक्सर पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देने वालों के चंगुल में फंस जाते हैं। अक्सर ऐसे नेता बड़े-बड़े दावे करने वाले महिलाओं से भी आसानी से प्रभावित हो जाते हैं। सरकंडा क्षेत्र में ही ऐसे कई और भी धन कुबेर मौजूद है जो पार्टी में बड़ा पद हांसिल करने के नाम पर कुछ भी करने को तैयार है। उनके इसी लालच का फायदा कुछ धूर्त किस्म के लोग उठते हैं और पार्टी में बड़ा पद , चुनाव में टिकट और मंडल- आयोग में स्थान दिलाने की आस दिखा कर अपना उल्लू सीधा करते हैं। कुछ मामले पुलिस के पास आ जाते हैं और अधिकांश मामले लोकराज की वजह से सामने नहीं आ पाते।