बिलासपुर, 8 अक्टूबर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाकों में विकास कार्यों को लेकर बड़ी स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत नगर पालिक निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक 07 के लिए 18 करोड़ 96.08 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर इन कार्यों को स्वीकृति मिलने की बात कही गई है।

स्वीकृत राशि से खमतराई रोड पर सड़क एवं नाली निर्माण, माता करमा चौक से मोपका बायपास तक सड़क, नाली और विद्युतीकरण तथा चाटीडीह में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा।

खमतराई रोड के लिए 4 करोड़ 58.39 लाख रुपए, माता करमा चौक से मोपका बायपास तक सड़क, नाली एवं विद्युतीकरण के लिए 9 करोड़ 38.44 लाख रुपए और चाटीडीह में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए 4 करोड़ 99.25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

माता करमा चौक से मोपका बायपास तक प्रस्तावित कार्य को क्षेत्र के आवागमन और जल निकासी की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं खमतराई रोड में सड़क और नाली निर्माण से स्थानीय आवागमन तथा जल निकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। चाटीडीह में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने से व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नई अधोसंरचना विकसित होगी।

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत नगर निगम बिलासपुर के लिए कुल 38 करोड़ 23.82 लाख रुपए के कार्य स्वीकृत हुए हैं। इसमें जोन-07 के लिए 18 करोड़ 96.08 लाख और जोन-08 के लिए 3 करोड़ 90.98 लाख रुपए के कार्य शामिल हैं।

विधायक सुशांत शुक्ला ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेलतरा विधानसभा के शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाली, विद्युतीकरण और व्यावसायिक अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। स्वीकृत कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।