चांटीडीह के ईरानी मोहल्ले में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने 20 से अधिक लोगों को थाने लाया; 7 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह स्थित ईरानी मोहल्ले में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़ों तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के परिजन आपस में भिड़ गए और मारपीट व झूमाझटकी शुरू हो गई। इस दौरान दोनों ओर से पथराव भी किया गया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

विवाद बढ़ने पर पुलिस दोनों पक्षों के 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। बाद में मोहल्ले के समाज के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। इसके चलते किसी भी पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई।

हालांकि, विवाद के दौरान मारपीट और पथराव से शांति व्यवस्था प्रभावित होने को देखते हुए पुलिस ने स्वयं संज्ञान लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और दोबारा विवाद की स्थिति बनने से रोकना है।