बिलासपुर। विशेष टास्क फोर्स (STF) और जिला विशेष शाखा की टीम ने सरकंडा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश के नागरिक को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2005 में भारत आया था और वर्ष 2007 से बिलासपुर में रहकर काम कर रहा था। जांच के दौरान उसके पास भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई दस्तावेज मिले, जिन्हें उसने गलत तरीके से बनवाना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान उसे पूछताछ के लिए पकड़ा गया था, लेकिन वह वहां से भाग गया था। इसके बाद STF उसकी लगातार तलाश कर रही थी। निरीक्षक संजय शिंदे को उसके सरकंडा क्षेत्र में छिपकर रहने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने उसके संभावित ठिकानों की रेकी शुरू की।
24 सितंबर की तड़के करीब 5 बजे STF और जिला विशेष शाखा की टीम ने सूर्या विहार कॉलोनी स्थित किराये के मकान में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अतीक हुसैन (42), पिता स्व. मोहम्मद हुसैन, मूल निवासी ग्राम नाईखोने, थाना अरैहजार, जिला नारायणगंज, ढाका, बांग्लादेश के रूप में हुई है। वह पहले सरकंडा के बंगालीपारा गली नंबर 3 में भी रह चुका है।
पूछताछ में अतीक ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2005 में बांग्लादेश से भारत आया था। वर्ष 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद बिलासपुर आ गया। पुलिस के अनुसार वह पिछले करीब 19 वर्षों से NTPC सीपत में BECO LIFTS PRIVATE LIMITED में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम कर रहा था।
पुलिस टीम ने उसके किराये के मकान की जांच की तो वहां से भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और 9वीं कक्षा की अंकसूची सहित कई दस्तावेज मिले। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अतीक ने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाने की बात स्वीकार की है।
बिलासपुर पुलिस अब उसके खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई पूरी होने तक उसे रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा भारत में स्थित संबंधित बांग्लादेशी दूतावास को भी इसकी सूचना दी जा रही है।
कार्रवाई में STF की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मीत कौर चावला के नेतृत्व में निरीक्षक संजय सिंदे तथा जिला विशेष शाखा के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू और आरक्षक अभिषेक यादव शामिल रहे।
संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने टोल-फ्री नंबर जारी
बिलासपुर पुलिस ने अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह होने अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल इस नंबर पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।