बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। शांति विहार निवासी रेलवे के रिटायर्ड सीनियर टेक्नीशियन जी. भीमाराव (60) को साइबर ठग ने बैंक प्रतिनिधि बनकर फोन किया और बैंक खाते से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने का झांसा दिया। ठग के कहने पर मोबाइल पर गोपनीय बैंकिंग जानकारी दर्ज करते ही उनके खाते से 34 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 2 लाख 83 हजार रुपए ट्रांसफर हो गए। पीड़ित के अनुसार 11 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए खाते से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने की बात कही। उसकी बातों में आकर भीमाराव ने ठग के बताए अनुसार मोबाइल पर जानकारी दर्ज कर दी। जानकारी सबमिट करने के कुछ ही देर बाद खाते से लगातार रकम कटने लगी। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला।

बैंक स्टेटमेंट के साथ थाने पहुंचे

ठगी का पता चलने के बाद भीमाराव ने बैंक से खाते का स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन की जानकारी निकलवाई। इसके बाद उन्होंने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने ठगी की रकम जिन खातों में ट्रांसफर हुई है, उन खातों में रकम होल्ड कराने की मांग भी की है।पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से ठग द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ट्रांजेक्शन की पूरी कड़ी की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।