बिलासपुर। सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर राहगीरों को रोककर चाकू और बेल्ट से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का सरकंडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 47 मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, तीन धारदार चाकू, बेल्ट और नगदी सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बाईपास मार्गों पर लगातार हो रही लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य और मोपका चौकी प्रभारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
चार वारदातों को दिया था अंजाम
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरोह ने अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाया था। पहली घटना में नगोई निवासी टिकेश्वर मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे बैमा-नगोई बाईपास रोड पर लाल-काले रंग की बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल से आए चार युवकों ने उन्हें बेल्ट से पीटा और सैमसंग 5G मोबाइल सहित बैग लूट लिया। बैग में एटीएम कार्ड, पासबुक, रेनकोट सहित करीब 20,500 रुपये का सामान था।
इसी रात सेंदरी-मोपका बाईपास मार्ग पर आरोपियों ने अभिनव शास्त्री और नितेश यादव को चाकू दिखाकर उनके मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। दोनों मामलों में लूटे गए सामान की कीमत क्रमशः करीब 11 हजार और 40 हजार रुपये बताई गई।
वहीं, 11 अगस्त को उस्लापुर निवासी हिमांशु सिंह नगोई मंदिर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर उनके दो मोबाइल फोन, नगदी और अन्य सामान लूट लिया था।
47 मोबाइल समेत हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 47 नग एंड्रॉइड एवं स्मार्ट मोबाइल फोन, कॉलेज बैग, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज, घटना में प्रयुक्त तीन धारदार चाकू, बेल्ट और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक के अलावा चन्द्रभान साहू उर्फ नानू (18), अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू (20), अजय कुमार लोहार उर्फ जय उर्फ महेश विश्वकर्मा (22), करन सारथी (20), जानवीर सूर्यवंशी उर्फ जानी (18) और लक्की विश्वकर्मा (18) शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने आदिल अहमद (29), निवासी डबरीपारा, थाना सिविल लाइन को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अनिश सूर्यवंशी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद होने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालक को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपियों को केंद्रीय जेल बिलासपुर तथा विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य, उप निरीक्षक ओमप्रकाश कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक मानिक लाल लहरे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, मोहन मुरली राठौर, रविन्द्र मिश्रा तथा आरक्षक संजीव जांगड़े और विवेक राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।