बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें भैसबोड़ के 4 और भटगांव के 2 लोग शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम भैसबोड़ के ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब बिक्री और जुआ खेलने की शिकायत की थी। वहीं ग्राम भटगांव में गणेश विसर्जन के दौरान मारपीट की घटना को लेकर भी कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायतों के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा ने टीम गठित कर संबंधित लोगों की पतासाजी कर कार्रवाई की।

पुलिस ने शक्ति साहू (24) और प्रदीप मानिकपुरी (24), दोनों निवासी भटगांव तथा रामकुमार आनंद (20), महेश कोसले (34), जमुना बाई मनहर (35) और राजेश बंजारे (37), सभी निवासी भैसबोड़ के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया है।

पुलिस ने बताया कि बीट भ्रमण और जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों से अवैध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इसी आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मंजुला साहू, रोशनी ध्रुव, देवेन कुमार, शेखर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक संतोष मरकाम का योगदान रहा।