बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्र में कबाड़ दुकान संचालित करने वाले 10 संचालकों को तलब कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और सभी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ दुकानों के संचालकों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस ने अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान शेख तौसिफ (29), सैय्यद प्रिंस (35), अमित कश्यप (34), साहिल खान (25), अनुप डेविड (31), राजू चौहान (42), दीपेश कुमार साहू (20), अफजल हुसैन (44), मोहम्मद फिरोज (42) और मोहम्मद इमरान खान (41) को थाना बुलाया गया।

पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से कबाड़ दुकान संचालन के संबंध में सभी 10 संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।