दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ अपराध दर्ज, यातायात व्यवस्था सुधारने चलाया गया था अतिक्रमण हटाओ अभियान
बिलासपुर। रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद विवाद सामने आया है। कार्रवाई से नाराज लोगों पर नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं वार्ड 11 की पार्षद बीनू निराला के साथ झूमाझटकी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और अवैध कब्जे हटाने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था। इस कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने कथित तौर पर बीनू निराला को घेर लिया और विरोध जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। साथ ही, गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद नगर पालिका उपाध्यक्ष ने रतनपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रीना बाई, कीर्तन बाई, नीतिश कुमार और श्रवण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।