बिलासपुर। अमेरिकी शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने SECL के रिटायर्ड डिप्टी जनरल मैनेजर से 66 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने इंस्टाग्राम के जरिए उनसे संपर्क किया और एक मोबाइल ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराकर अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई। मुनाफे की राशि निकालने के लिए अतिरिक्त टैक्स मांगे जाने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर बिलासपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सरकंडा के अशोक नगर, बिरकोना रोड निवासी कुलदीप सिंह ठाकुर (63) नवंबर 2022 में SECL से डिप्टी GM (विद्युत यांत्रिकी) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2026 में इंस्टाग्राम आईडी 'thakursupreeti 93' के जरिए उनकी बातचीत तनीषा ठाकुर नाम की युवती से शुरू हुई। युवती ने खुद को आगरा निवासी और गुरुग्राम की डेलॉइट कंपनी में फाइनेंस मैनेजर बताया।


बातचीत के दौरान कुलदीप सिंह ने शेयर और म्यूचुअल फंड में पहले हुए नुकसान का जिक्र किया। इस पर युवती ने अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रेडिंग कर अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। उसकी सलाह पर उन्होंने एक मोबाइल ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड किया। इसके बाद 27 जुलाई से 21 सितंबर के बीच एक्सिस बैंक खाते से RTGS के जरिए 6 किश्तों में अलग-अलग खातों में कुल 66 लाख रुपये जमा करा दिए।


कुछ समय बाद जब उन्होंने निवेश की रकम और कथित मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो उनसे टैक्स के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगी गई। लगातार पैसों की मांग होने पर उन्हें ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की और फिर साइबर थाने में लिखित आवेदन दिया। पुलिस अब रकम जिन खातों में भेजी गई है, उनकी जांच कर रही है।