बिलासपुर। मानसून की वापसी के साथ अगले दो दिनों में बारिश का दौर लगभग खत्म होने के आसार हैं। हालांकि, बिलासपुर में अक्टूबर की शुरुआत के साथ ठंड दस्तक नहीं देगी। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है। दूसरे सप्ताह से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी, जिससे हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। तेज ठंड के लिए नवंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जून से सितंबर तक बारिश का मुख्य सीजन माना जाता है। मानसून की वापसी के साथ ही बारिश का मौसम भी समाप्त हो जाता है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में कोई सक्रिय सिस्टम नहीं है। पिछले सप्ताह अवदाब के असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम में बदलाव का दौर शुरू हो गया है।
अक्टूबर में कई बार बदला मौसम का मिजाज
बिलासपुर में अक्टूबर के दौरान बारिश और तापमान के कई रिकॉर्ड दर्ज हुए हैं। 16 अक्टूबर 2019 को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं 26 अक्टूबर 2009 को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया था, जो अक्टूबर में अब तक का सबसे कम तापमान रहा है। अक्टूबर 2013 में पूरे महीने 179 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इसी वर्ष 2 अक्टूबर को 24 घंटे में 73 मिमी बारिश हुई थी।
10 वर्षों में ऐसा रहा अक्टूबर का मौसम
वर्ष बारिश न्यूनतम तापमान 2016 39.7 मिमी 17.2 डिग्री 2017 28.6 मिमी 18.6 डिग्री 2018 0.3 मिमी 15.5 डिग्री 2019 55.8 मिमी 20.2 डिग्री 2020 80.2 मिमी 17.4 डिग्री 2021 35.0 मिमी 18.0 डिग्री 2022 38.8 मिमी 15.8 डिग्री 2023 8.8 मिमी 16.6 डिग्री 2024 32.2 मिमी 20.9 डिग्री 2025 65.6 मिमी 20.4 डिग्री स्रोत: मौसम विभाग, रायपुर
20.4 डिग्री है अक्टूबर का औसत न्यूनतम तापमान
अक्टूबर में बिलासपुर का मौसम सितंबर की तुलना में अलग मिजाज वाला रहता है। मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ होने लगता है और बादलों की मात्रा कम होती जाती है। दिन का तापमान बढ़ता है, जबकि रातें धीरे-धीरे ठंडी होने लगती हैं। अक्टूबर में बिलासपुर का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहता है। इस दौरान औसतन 55.9 मिमी बारिश होती है।