बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अड्डेबाजी, नशाखोरी व मारपीट जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले, मारपीट करने वाले, अड्डेबाजी और नशाखोरी में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना पुलिस ने कार्रवाई की।

कार्रवाई में जीत वर्मा (28), पप्पू उर्फ गुलशन पाण्डेय (24), समीर दास मानिकपुरी (20), प्रियांशु वर्मा (21), हर्षवर्धन उर्फ मोन्टू वर्मा (18), आयुष्मान वर्मा (21), रमेश उर्फ पाण्डो मेरसा (22), करन सोनवानी (23) और शत्रुहन निषाद (34) को पकड़ा गया। सभी आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 अथवा चकरभाठा थाना पुलिस को सूचना दें।