बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने, अड्डेबाजी, नशाखोरी और मारपीट जैसी गतिविधियों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में जीत वर्मा (28), पप्पू उर्फ गुलशन पाण्डेय (24), समीर दास मानिकपुरी (20), प्रियांशु वर्मा (21), हर्षवर्धन उर्फ मोन्टू वर्मा (18), आयुष्मान वर्मा (21), रमेश उर्फ पाण्डो मेरसा (22), करन सोनवानी (23) और शत्रुहन निषाद (34) शामिल हैं। सभी आरोपी चकरभाठा थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर डायल 112 अथवा चकरभाठा थाना में सूचना देकर सहयोग करें।