3 साल पहले ट्रक की टक्कर से हुई थी मौत, पिता ने ट्रक मालिक, चालक और सह-कलाकार से पूछताछ की मांग की
रायपुर रोड पर 28 सितंबर 2023 को सड़क हादसे में फिल्म कलाकार अनुपम भार्गव की मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। अनुपम के पिता रामकृष्ण भार्गव ने बेटे की मौत को महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश की आशंका जताते हुए मुख्यमंत्री से मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की है। उन्होंने हत्या के एंगल से जांच के साथ ही उच्च स्तरीय पुलिस टीम, स्वतंत्र एजेंसी अथवा सीबीआई से जांच कराने का आग्रह किया है।
रामकृष्ण भार्गव के मुताबिक हादसे के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने अनुपम की बाइक को टक्कर मारी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अब उन्होंने हादसे से जुड़े कुछ तथ्यों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की नए सिरे से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिस ट्रक से टक्कर हुई, वह घटना से करीब 15 दिन पहले ही खरीदा गया था।
अनुपम के पिता ने यह भी सवाल उठाया है कि हादसे के समय बाइक पर अनुपम के साथ बैठी उनकी सह-कलाकार और प्रेमिका को कोई चोट नहीं आई, जबकि अनुपम की मौत हो गई। हादसे के बाद उसके कथित व्यवहार और परिवार से दूरी बनाने को भी उन्होंने संदेहास्पद बताया है।
मुख्यमंत्री को दिए पत्र में रामकृष्ण भार्गव ने ट्रक मालिक और चालक के साथ ही अनुपम की सह-कलाकार से भी पूछताछ कराने की मांग की है। उन्होंने पूरे मामले की दोबारा विवेचना कर यह पता लगाने का आग्रह किया है कि अनुपम की मौत वास्तव में सड़क हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश थी।