रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए 2.62 करोड़ मंजूर, काम अब तक शुरू नहीं; रावण दहन के लिए 19.96 लाख के टेंडर
बिलासपुर। भगवान राम के नाम पर बने रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए 2.62 करोड़ रुपए की स्वीकृति के बावजूद नगर निगम अब तक काम शुरू नहीं करा पाया है। दूसरी ओर दशहरा आते ही निगम ने रावण दहन के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार नगर निगम पुलिस ग्राउंड के साथ साइंस कॉलेज मैदान में भी दशहरा उत्सव कराएगा। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजन के लिए टेंट, मंच, आतिशबाजी और लाइट-साउंड पर ही करीब 20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
निगम ने साइंस कॉलेज मैदान में आयोजन के लिए तीन अलग-अलग मदों में टेंडर जारी किए हैं। टेंट, मंच और बैठक व्यवस्था के लिए 9.96 लाख रुपए, आतिशबाजी के लिए 4 लाख और लाइट-साउंड के लिए 6 लाख रुपए का टेंडर निकाला गया है। इन तीन मदों में कुल 19.96 लाख रुपए खर्च होंगे। आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं का खर्च इसके अलावा होगा।
पिछले साल दो समितियों के आयोजन पर हुआ था विवाद
साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव नया नहीं है। यहां अरपांचल दशहरा उत्सव समिति लंबे समय से रावण दहन करती रही है। पिछले साल दूसरी समिति द्वारा आयोजन किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। मामला कलेक्टर से होते हुए मुख्यमंत्री तक पहुंचा था। इस बार नगर निगम ने किसी समिति पर निर्भर रहने के बजाय खुद साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव कराने का निर्णय लिया है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
इस बार दो मैदानों में होगा रावण दहन
इस वर्ष शहर में नगर निगम के दो दशहरा आयोजन होंगे। पुलिस ग्राउंड में निगम का पारंपरिक दशहरा उत्सव पहले की तरह होगा, जबकि साइंस कॉलेज मैदान में भी निगम की ओर से अलग आयोजन किया जाएगा। निगम के इतिहास में यह पहली बार है जब साइंस कॉलेज मैदान में नगर निगम के स्तर पर दशहरा उत्सव कराया जा रहा है।
रामसेतु के सौंदर्याकरण पर सवाल
एक ओर रामसेतु के सौंदर्याकरण के लिए 2.62 करोड़ रुपए की स्वीकृति के बावजूद काम जमीन पर शुरू नहीं हुआ है, वहीं दूसरी ओर कुछ घंटों के दशहरा आयोजन के लिए करीब 20 लाख रुपए के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। ऐसे में स्थायी विकास कार्य और आयोजन पर खर्च की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
महापौर बोलीं- साइंस कॉलेज में आयोजन की जानकारी नहीं
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि उन्हें साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि निगम का दशहरा उत्सव पुलिस ग्राउंड में होता रहा है और दो जगह दशहरा उत्सव की परंपरा नहीं है।