बिलासपुर। शहर में चोर अब घरों और दुकानों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकारी योजनाओं के तहत लगाई गई सुविधाओं को भी निशाना बनाने लगे हैं। हेमू नगर में रविवार को चोरों ने मिशन अमृत योजना के तहत घरों में लगाए गए पानी के मीटरों पर हाथ साफ कर दिया। रेलवे ईस्ट केबिन के पास और बजाज कॉलोनी क्षेत्र में करीब 15 से 20 घरों के पानी के पाइप काटकर मीटर चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मिशन अमृत योजना के तहत शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए घरों तक प्लास्टिक की काली पाइपलाइन के साथ पानी के मीटर लगाए गए हैं। रविवार को चोरों ने इसी व्यवस्था को निशाना बनाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में भी नजर आए हैं। आशंका है कि इन्हीं लोगों ने अलग-अलग घरों के बाहर लगे पानी के पाइप काटकर मीटर निकाले और फरार हो गए।
खुले पाइप से पानी बहने का खतरा
पानी के मीटर चोरी होने के बाद कई घरों में पाइपलाइन खुले में रह गई है। इससे पानी व्यर्थ बहने के साथ ही आसपास के घरों में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। एक ओर जहां लोगों को पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम की मिशन अमृत योजना को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय नागरिकों ने सोमवार को मामले की जानकारी नगर निगम, स्थानीय पार्षद बी. वल्लभ राव और उनके प्रतिनिधि ए. वेंकट को दी। इसके साथ ही तोरवा थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
स्ट्रीट लाइट के बाद अब पानी के मीटर चोरी
हेमू नगर क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इलाके से दर्जनभर से अधिक स्ट्रीट लाइट चोरी हो चुकी हैं। आरोप है कि केबल या दूसरे काम के नाम पर कुछ लोग खंभों पर चढ़ते हैं और मौका मिलते ही स्ट्रीट लाइट निकालकर ले जाते हैं। लगातार स्ट्रीट लाइट चोरी होने से नगर निगम को आर्थिक नुकसान के साथ ही मोहल्ले के कई हिस्सों में रात के समय अंधेरा छा जाता है। इस संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।
कबाड़ियों पर निगरानी की मांग
स्थानीय लोगों को आशंका है कि नशे के आदी या कम उम्र के युवक ऐसी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी के मीटर जैसी सामग्री चोरी करने के बाद इन्हें बेचने के लिए कबाड़ बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही कबाड़ियों और चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी निगरानी बढ़ानी चाहिए।
लोगों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे और चोरी किए गए पानी के मीटर बरामद कराए। साथ ही नगर निगम से भी प्रभावित घरों की पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की गई है।