बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 1,25,000 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा पुलिस ग्राउंड जगमगा उठा। मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्क्रैच रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसने पूरे आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और शतायु जीवन की मंगलकामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में नरेंद्र मोदी ने वैश्विक पटल पर भारत के गौरव और सम्मान को बढ़ाने के साथ देश को प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम और सशक्त बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने का लगातार प्रयास किया गया है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

स्थानीय कार्यक्रम में अमरजीत दुआ, मनीष अग्रवाल, किशोर राय, प्रवीण दुबे, महेश चंद्रिकापुरे सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।