वार्ड-4 के रहवासियों ने मेयर और आयुक्त से की शिकायत, 5 हजार के टैक्स के बदले 15 हजार लेने का भी आरोप; जांच के निर्देश

बिलासपुर। नगर निगम के सकरी जोन में टैक्स वसूली की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। वार्ड-4 गोकुल नगर के रहवासियों ने मेयर पूजा विधानी और निगम आयुक्त से लिखित शिकायत कर तय टैक्स से कई गुना अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक एक महिला का टैक्स 7,794 रुपए था, लेकिन उससे 20 हजार रुपए लिए गए। यानी निर्धारित राशि से 12,206 रुपए अधिक वसूले गए।

इसी तरह दूसरे शिकायतकर्ता से करीब 5 हजार रुपए टैक्स के बदले 15 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया गया है। दोनों मामलों में कुल 22,206 रुपए अतिरिक्त वसूले जाने की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अतिरिक्त राशि लिए जाने पर सवाल करने पर उन्हें कार्रवाई और बुलडोजर चलाने तक की धमकी दी गई।

रसीद, डिमांड और निगम खाते का हो मिलान

शिकायतकर्ताओं ने सकरी जोन में घर-घर हुई टैक्स वसूली की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वसूली बुक, टैक्स डिमांड, करदाताओं को जारी की गई रसीद, उनसे ली गई वास्तविक राशि और निगम खाते में जमा रकम का मिलान कराया जाए। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कहीं अन्य करदाताओं से भी निर्धारित टैक्स से अधिक राशि तो नहीं ली गई है।

सावित्री बाई, देव डहरिया समेत अन्य शिकायतकर्ताओं ने अतिरिक्त रूप से वसूली गई रकम वापस कराने की मांग की है। शिकायत के बाद निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मेयर पूजा विधानी ने कहा कि वार्डवासियों की शिकायत के आधार पर टैक्स वसूली की जांच कराई जाएगी। यदि टैक्स वसूली में गड़बड़ी की गई है और कम डिमांड दिखाकर ज्यादा रुपए लिए गए हैं तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं निगम आयुक्त ने भी शिकायत में सामने आए मामले को लेकर संबंधित कर्मचारी से सीधे फोन पर बात कर अपना पक्ष रखने को कहा है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।