बिलासपुर, 8 अक्टूबर। जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में विधिवत नष्टीकरण किया गया। कुल 61 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति और निर्देशन में मोहतरा स्थित सुधा बायो पावर प्राइवेट लिमिटेड के भट्ठी (Furnace) में की गई। जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जलाने और रोलर के माध्यम से नष्ट किया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 302.642 किलो गांजा, 1989 नग सीरप, 2.9 ग्राम ब्राउन शुगर, 9641 नग इंजेक्शन/एंपुल, 9.38 ग्राम चरस, 248 नग कैप्सुल और 11610 नग टेबलेट शामिल हैं।
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी, पंचान तथा जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण कर उनके दोबारा दुरुपयोग की संभावना को समाप्त किया जा रहा है।