2012-13 में प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के नाम से खोली थी कंपनी, बॉन्ड पेपर, रसीद और पासबुक जब्त; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बिलासपुर। छह साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीणों से करीब 24 लाख रुपये जमा कराने और बाद में कंपनी बंद कर फरार होने के मामले में सरकंडा पुलिस ने चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वर्ष 2012-13 में प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाकर ग्रामीणों को निवेश के नाम पर झांसा दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंपनी के बॉन्ड पेपर, रसीद और पासबुक सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सीपत निवासी तीरथ राम रात्रे ने शिकायत दर्ज कराई कि ताराचंद पाटले ने अपने साथियों के साथ मिलकर चिटफंड कंपनी खोली थी। कंपनी के संचालकों ने आसपास के ग्रामीणों को छह साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर प्रार्थी और उसके परिचितों ने कंपनी में करीब 24 लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद कंपनी बंद कर संचालक फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर चौकी मोपका पुलिस ने धोखाधड़ी और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान कंपनी के डायरेक्टर सहित चार आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में डेरहा प्रसाद (58), निवासी कुटीपरम मोपका, ताराचंद पाटले (56), बसंत यादव (70) और रतन लाल कुर्रे (55), निवासी पामगढ़ क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।