बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह में 6 हजार रुपए की उधारी के बदले 18 हजार रुपए ब्याज मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रकम को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने कोचिंग शिक्षिका के पति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसके गले और दोनों कलाई में चोट आई है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 27 सितंबर की रात तहरून निशा अपने पति राजू पठान के साथ कोचिंग शिक्षिका सरिता साहू के घर पहुंची थी। सरिता का कहना है कि करीब 2 साल पहले लिए गए 6 हजार रुपए के मूलधन का भुगतान वह पहले ही कर चुकी हैं। इसके बावजूद दोनों ने 18 हजार रुपए ब्याज के रूप में बकाया होने की बात कहते हुए रकम की मांग की।
रात करीब 8 बजे विवाद के बाद दोनों वहां से चले गए। आरोप है कि रात करीब 11 बजे दोनों दोबारा सरिता के घर पहुंचे और दरवाजा पीटते हुए गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। विरोध करने पर राजू पठान ने धारदार हथियार से सरिता के पति अनिल साहू के गले और दोनों कलाई पर वार कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंची सरिता के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।