तेलीपारा के भारत बैग हाउस में गणेश उत्सव के चंदे को लेकर विवाद, कॉलर पकड़कर की मारपीट और गाली-गलौज

बिलासपुर। तेलीपारा स्थित भारत बैग हाउस में गणेश उत्सव के चंदे को लेकर विवाद हो गया। चंदा मांगने पहुंचे युवकों ने पहले 5,100 रुपए की मांग की। व्यापारियों ने 5,500 रुपए दे दिए, इसके बावजूद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कारोबारी और उसके भाई के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हंसा विहार निवासी प्रीतम चावला ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे आशु अग्निहोत्री अपने साथियों के साथ उनकी दुकान भारत बैग हाउस पहुंचा। युवकों ने गणेश उत्सव के लिए 5,100 रुपए चंदा मांगा। प्रीतम ने पहले 3,100 रुपए दिए, लेकिन युवक इससे संतुष्ट नहीं हुए और रकम को लेकर बहस करने लगे।

विवाद बढ़ता देख प्रीतम के भाई लक्ष्मण चावला ने 5,500 रुपए दे दिए। आरोप है कि इसके बाद भी आशु अग्निहोत्री गाली-गलौज करने लगा और दोनों भाइयों से विवाद करते हुए कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।