मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे रुपये, नहीं देने पर नाबालिग ने हंसिया से किया हमला; किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश
मुंगेली। पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने 6 दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या गांव में ही रहने वाले विधि से संघर्षरत बालक ने की थी। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने अपना गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए महिला से 500 रुपये मांगे थे। रुपये नहीं देने पर गुस्से में आकर उसने हंसिया से महिला के गले पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ग्राम उमरिया निवासी सोनकलिया बाई डहरिया की 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात घर में हत्या कर दी गई थी। 27 सितंबर को मृतिका की भांजी दिव्या भारती ने चौकी साकेत में घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में हत्या की पुष्टि होने पर 28 सितंबर को पथरिया थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या गांव में ही रहने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक ने की है। पुलिस ने बालक को उसके पिता और संरक्षक के साथ पंचायत भवन के पास बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में बालक ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसने अपना मोबाइल गिरवी रखा था और उसे छुड़ाने के लिए सोनकलिया बाई से 500 रुपये मांगे थे। महिला ने रुपये देने से इनकार कर दिया, जिससे गुस्से में आकर उसने हंसिया से उसके गले पर वार कर दिया।
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट और जींस बरामद कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 3 अक्टूबर को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर बालक को अभिरक्षा में लिया गया। उसे किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश करने के बाद पृथक बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक पवन देवांगन, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, सउनि रोशन टण्डन सहित थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।