खुद को BITS Pilani का BTech और कंपनी में मैनेजर बताया, बेरोजगार निकला युवक; शादी में दिए जेवर भी नकली
ऊंचे पैकेज और संपन्न परिवार का झूठा दिखावा कर पीएचडी छात्रा से शादी करने का मामला सामने आया है। खुद को BITS Pilani से BTech और जयपुर की कंपनी में 48 लाख रुपए सालाना पैकेज पर डाटा एनालिस्ट मैनेजर बताने वाले युवक की शादी के अगले ही दिन पोल खुल गई। वह बेरोजगार निकला और अपने पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता मिला। शादी में दुल्हन को दिए गए जेवर भी जांच में नकली पाए गए। पीड़िता की शिकायत पर कोनी पुलिस ने दूल्हे, उसके पिता और मां के खिलाफ 6.76 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, कोनी से PhD कर रही है। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात हाईस्कूल के सहपाठी हर्षदीप राम जाड़ी से हुई थी। मई 2024 में हर्षदीप ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद जनवरी 2025 में एक कैफे में उसने अपना बायोडाटा दिया। इसमें उसने खुद को BITS Pilani से BTech और जयपुर की एक कंपनी में 48 लाख रुपए सालाना पैकेज पर मैनेजर बताया। इतना ही नहीं, उसने अपने पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए और परिवार के पास 200 एकड़ जमीन होने का दावा भी किया। युवक की बताई जानकारी पर भरोसा कर युवती के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए।
शादी के अगले दिन ही सामने आने लगी सच्चाई
12 मार्च को एक बड़े होटल में दोनों की शादी हुई। शादी के दौरान आरोपी और उसकी मां के बैंक खातों में 5.56 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। शादी की रात ही टेंट और कैटरिंग वालों ने भुगतान को लेकर काम रोक दिया। स्थिति संभालने के लिए वधू पक्ष को मौके पर 1.80 लाख रुपए का भुगतान करना पड़ा।
अगले दिन होटल का बिल नहीं चुकाने पर होटल प्रबंधन ने आरोपी की कार रोक ली। इसके बाद दूल्हा और उसका पिता मोबाइल बंद कर वहां से गायब हो गए। मामले की जानकारी जुटाने पर युवती और उसके परिजनों के सामने आरोपी के किए गए दावे एक-एक कर झूठे साबित होने लगे।
न इंजीनियर निकला, न 48 लाख की नौकरी
पूछताछ में हर्षदीप ने स्वीकार किया कि वह न तो इंजीनियर है और न ही किसी कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता है। शादी में दुल्हन को दिए गए जेवरों की जांच कराने पर वे भी नकली निकले। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
जशपुर में जीरो FIR, कोनी भेजी गई केस डायरी
पीड़िता ने जशपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहां जीरो में FIR दर्ज करने के बाद केस डायरी कोनी थाना भेजी गई। अब कोनी पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन के साथ आरोपी की शैक्षणिक डिग्री, नौकरी, 48 लाख रुपए के पैकेज, जमीन और कारोबार से जुड़े दावों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शादी के लिए आरोपी और उसके परिजनों ने युवती के परिवार को किस तरह की जानकारी देकर भरोसे में लिया था।