बिलासपुर/कोटा। चेतना विरुद्ध नशा और प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 32 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 6400 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लमकेना में एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने लमकेना में दबिश दी। मौके से अजय मरकाम (25), निवासी ग्राम लमकेना, के कब्जे से 20 लीटर क्षमता की हरी प्लास्टिक बाल्टी में 18 लीटर, 10 लीटर क्षमता की काली बाल्टी में 10 लीटर और 5 लीटर की पीली जेरिकेन में 4 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कुल 32 लीटर शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल और मोहन सिंह ध्रुव की विशेष भूमिका रही।