पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, घटना के बाद फरार हुआ था आरोपी; पुलिस ने हिरासत में लिया
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में शनिवार रात 3 साल की बच्ची को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश के दौरान एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। बच्ची को बचाने के लिए आगे आई उसकी दादी राजकुमारी यादव (56) पर गांव के ही प्रशांत शुक्ला (26) ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन और ग्रामीण सिम्स लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर की रात की है। आरोपी प्रशांत शुक्ला पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के घर में खेल रही 3 वर्षीय बच्ची को धारदार हथियार के साथ जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव ने उसे ऐसा करते देख लिया और रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने राजकुमारी यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल सिम्स लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वारदात की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।