सकरी। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में शनिवार रात तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने से रोकने पर एक युवक ने उसकी दादी की चाकू मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन सिम्स लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मेंड्रा निवासी राजकुमारी यादव (58) शनिवार रात अपने घर पर थीं। इसी दौरान गांव में दूसरा मकान रखने वाला सैदा निवासी प्रशांत शुक्ला वहां पहुंचा। रात करीब 10 बजे वह सामने रहने वाली तीन साल की बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने लगा। बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने उसे रोकने की कोशिश की।

इस बात पर आरोपी ने महिला से गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर धारदार चाकू से उन पर कई वार कर दिए। हमले में राजकुमारी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गया।

परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल सिम्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सिरगिट्टी, तोरवा और मंदिर चौक में भी चाकूबाजी, तीन घायल

शहर के अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी की तीन अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। तोरवा में पत्नी के अपने रिश्तेदार के साथ चले जाने से नाराज पति ने हत्या की नीयत से सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया। घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दूसरी घटना मंदिर चौक की है, जहां दो गुटों के बीच मामूली विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया। वहीं, सिरगिट्टी में रुपए के लेनदेन को लेकर ग्राहक ने दुकान संचालक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। घायल दुकान संचालक को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। तोरवा की घटना को छोड़कर मंदिर चौक और सिरगिट्टी के मामलों में खबर लिखे जाने तक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।