
पति पर मारपीट और मायके से 1 लाख रुपए लाने का दबाव बनाने का आरोप, सिम्स में परिजनों ने किया हंगामा
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के सैदा गांव में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह शव सिम्स पहुंचने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों ने पति सहित ससुराल वालों पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सकरी क्षेत्र के ग्राम सकर्रा निवासी विदेशी निर्मलकर ने बताया कि उनकी बहन दुर्गा निर्मलकर की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा की दो बेटियां हुईं। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य लोग दुर्गा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
परिजनों के मुताबिक, रोहित आए दिन दुर्गा के साथ मारपीट करता था और मायके से 1 लाख रुपए लाने का दबाव बनाता था। शनिवार शाम करीब 6 बजे रोहित ने मायके वालों को फोन कर दुर्गा के बेहोश होने की जानकारी दी। इसके बाद उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा को मृत घोषित कर दिया।
रविवार सुबह मायके पक्ष के लोग सिम्स पहुंचे और घटना को लेकर हंगामा किया। उन्होंने दुर्गा की मौत को संदिग्ध बताते हुए पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।