पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मानसून का असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटे में जिले में औसत 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। सबसे ज्यादा बारिश तखतपुर तहसील में हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी जिले में बारिश के आसार हैं।
अवदाब के असर से शनिवार सुबह तक जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होती रही। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी बारिश का दौर जारी रहा। तखतपुर में सबसे ज्यादा 138.4 मिमी यानी करीब 14 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बेलगहना में 98.3 मिमी और बिलासपुर में 80.6 मिमी बारिश हुई।
जिले के अन्य क्षेत्रों में बिल्हा में 63.1 मिमी, कोटा में 62.4 मिमी, बेतरा में 61.2 मिमी, सकरी में 60 मिमी, रतनपुर में 50.3 मिमी, सीपत में 44.5 मिमी, पचपेड़ी में 41.5 मिमी, बोदरी में 37.2 मिमी और मस्तूरी में 37.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इन आंकड़ों के आधार पर जिले में दैनिक बारिश का कुल आंकड़ा 774.6 मिमी रहा, जबकि औसत वर्षा 64.6 मिमी दर्ज की गई।
154.2 मिमी और बारिश से पूरा होगा बारिश का कोटा
जिले में अब तक कुल 1061.4 मिमी बारिश हो चुकी है। जिले की औसत वार्षिक वर्षा 1215.6 मिमी है। इस लिहाज से अब 154.2 मिमी और बारिश होने पर जिले की औसत वार्षिक बारिश का आंकड़ा पूरा हो जाएगा।
अब तक बिलासपुर तहसील में सबसे ज्यादा 1308 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पचपेड़ी में सबसे कम 855.1 मिमी बारिश हुई है। बिल्हा में 975.4, मस्तूरी में 1043.1, तखतपुर में 1167.8, कोटा में 909.6, सीपत में 918.6, बोदरी में 1088.3, बेलगहना में 1139.7, बेलतरा में 1040.7, रतनपुर में 1102.4 और सकरी में 1188 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।