रतनपुर क्षेत्र में चोरों ने 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाकर पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सद्गुरु कबीर आश्रम से आधा किलो चांदी के 6 छत्र, किसान के घर से 2 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवर तथा पॉलीहाउस से बाइक, सबमर्सिबल पंप और पंखा चोरी कर लिया गया। पुलिस ने इन मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पहली वारदात करैहापारा स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में हुई। यहां पूजा-पाठ कराने वाले प्रेमदास शास्त्री 30 सितंबर को सक्ती में आयोजित चौका-आरती कार्यक्रम में गए थे। 2 अक्टूबर को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि थैले में रखे छोटे-बड़े 6 चांदी के छत्र गायब हैं। इनका कुल वजन करीब आधा किलो बताया गया है।


दूसरी वारदात ढोलपारा में किसान बलराम बरगा के घर हुई। 1 अक्टूबर की रात उनकी पत्नी सुशीला बाई नाती को लेकर करैहापारा पिंडा कार्यक्रम में गई थीं, जबकि बलराम घर पर अकेले थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। चोरी गए जेवरों की कीमत 2 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।


तीसरी वारदात पॉलीहाउस में हुई, जहां चोर बाइक के अलावा सबमर्सिबल पंप और पंखा भी ले गए। लगातार हो रही वारदातों के बाद क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


9 माह में 42 से ज्यादा चोरी, 13 मामले ट्रेस


रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों में जनवरी से सितंबर तक चोरी और नकबजनी के 42 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इनमें पुलिस 13 मामलों में आरोपियों तक पहुंचने या चोरी का कुछ माल बरामद करने में सफल रही है। इस लिहाज से चोरी के मामलों में ट्रेसिंग और बरामदगी का आंकड़ा करीब 31% है, जबकि करीब 69% मामलों में आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।