तीन दिन से प्रदर्शन कर रहे अभिमन्यु पांडे, लाइसेंस जारी नहीं करने पर अधिकारियों पर लगाया मनमानी का आरोप
बिलासपुर। 20 साल से बंद आरा मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर 70 वर्षीय अभिमन्यु पांडे वन विभाग के कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए हैं। कुदुदंड निवासी पांडे पिछले तीन दिनों से धरना देकर अपनी मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि गतौरी गांव में संचालित आरा मिल उनके और परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी, लेकिन वन विभाग की ओर से लाइसेंस जारी नहीं किए जाने के कारण वे इसे दोबारा शुरू नहीं कर पा रहे हैं।
अभिमन्यु पांडे ने विभागीय अधिकारियों पर मनमानी और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शहर के कई क्षेत्रों में आरा मिलें संचालित हो रही हैं, लेकिन उनकी मिल के मामले में जानबूझकर अड़चनें पैदा की जा रही हैं। लाइसेंस प्राप्त करने के लिए वे पहले भी कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराशा हाथ लगी।
बुजुर्ग का कहना है कि लंबे समय से मिल बंद होने के कारण परिवार की आजीविका प्रभावित हो रही है। अब उन्होंने अपनी मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया है। उनकी मांग है कि वन विभाग मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर आरा मिल का लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी करे, ताकि वे दोबारा अपना काम शुरू कर सकें।