पहले लोहे के हुक से सिर पर किया वार, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, सिम्स में इलाज के दौरान हुई थी बुजुर्ग की मौत
बिलासपुर। जमीन के बंटवारे और 20 हजार रुपए वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में 11 नवंबर को हुई इस घटना में आरोपी ने पहले पिता के सिर पर दरवाजे में लगाने वाले लोहे के हुक से कई वार किए। इसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग की सिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने फरार आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक विश्राम केंवट की बेटी दूरपति बाई रात्रे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह पिछले 18-20 वर्षों से अपने पिता की देखभाल कर रही थी। उसका बड़ा भाई आशाराम केंवट अपने परिवार के साथ ग्राम बरेली में रहता था। 11 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे वह घर की बाड़ी में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी बेटी ने आकर बताया कि मामा आशाराम घर में नाना से विवाद कर रहे हैं।
दूरपति जब बेटी के साथ घर पहुंची तो पिता को गंभीर हालत में पाया। आशाराम ने उनके सिर पर लोहे के हुक से हमला करने के बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। बेटी ने गमछे से आग बुझाने की कोशिश की और 108 एंबुलेंस की मदद से पिता को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां रात में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सीपत पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आशाराम केंवट ग्राम बरेली में है। इसके बाद घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2007 में उसने अपने पिता को 20 हजार रुपए दिए थे। वह इसी रकम की वापसी और जमीन में हिस्सा देने की मांग कर रहा था। पिता द्वारा दोनों मांगों से इनकार करने और उसे बेटा मानने से इनकार करने की बात कहने पर वह नाराज हो गया। इसी गुस्से में उसने हत्या की नीयत से लोहे के हुक से पिता के सिर पर कई वार किए और बाद में पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी।
पुलिस ने आरोपी आशाराम केंवट (64) निवासी ग्राम बरेली, थाना सीपत को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हुक बरामद किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में सीपत पुलिस ने की।