बिलासपुर। जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान चलाकर सात दिनों तक सघन जांच की। इस दौरान टीम ने 19 फर्मों का निरीक्षण किया और 15 विधिक तथा 4 निगरानी नमूने लिए। विभिन्न प्रतिष्ठानों से 117 किलो मिठाई सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई।

कार्रवाई के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाले प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई। श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा-सिरगिट्टी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं प्रबल फूड प्रोडक्ट, दुमानी-मस्तूरी का पंजीयन निलंबित कर प्रतिष्ठान बंद कराया गया।

102 किलो बर्फी मिक्स जब्त

अभियान के दौरान पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलो बर्फी मिक्स जब्त किया गया और प्रकरण तैयार किया गया। इसके अलावा श्रीराम स्वीट्स से करीब 15 किलो बर्फी नष्ट कराई गई। कमलेश जनरल स्टोर, रानीगांव से शिव गंगा नमकीन का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान पर भ्रामक दावा करने के मामले में नोटिस भी जारी किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है।