बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में 12 साल 4 माह की नाबालिग बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ BNS और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को नाबालिग के परिजन ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 12 साल 4 माह की बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े (22), निवासी डीगोरा चरोटी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली को पकड़ा और उसके कब्जे से नाबालिग को बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग से विधिवत पूछताछ में उसने आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64(2)(M) BNS तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है।