
शाम 6 से रात 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा सड़क हादसे, 2000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित
बिलासपुर। शहर में यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने जनवरी से अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाकर 1,83,798 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2858 चालक भी शामिल हैं। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं। वहीं, यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 2000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित कराने की कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, इन 10 महीनों में तेज गति से वाहन चलाने के 14,455, जल्दबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने के 3,481, बिना हेलमेट के 10,661 और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने के 5,970 मामले सामने आए। वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने पर 3,520 तथा रेड सिग्नल जंप करने पर 39,968 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अन्य यातायात उल्लंघनों को मिलाकर कुल कार्रवाई का आंकड़ा 1.83 लाख से अधिक पहुंच गया।
शाम से आधी रात तक सबसे ज्यादा हादसे
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं। इस समयावधि में तेज रफ्तार, जल्दबाजी, लापरवाही और शराब के नशे में वाहन चलाना हादसों के प्रमुख कारण माने गए हैं। पुलिस ने इस अवधि को विशेष निगरानी में रखते हुए रोजाना चेकिंग अभियान चलाने की व्यवस्था की है।
आदतन उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस भी निलंबित
पुलिस अब केवल चालान तक सीमित नहीं है। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, गलत दिशा और गलत लेन में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने तथा अन्य गंभीर उल्लंघनों पर लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक 2000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। शहर के प्रमुख स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर स्टॉपर लगाए गए हैं। इसके अलावा आईटीएमएस के माध्यम से भी ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने से बचें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करें और यातायात संकेतों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।