90 फीसदी झुलस गए थे विश्राम केंवट, बेटे ने लोहे के हथियार से हमला कर पेट्रोल डालकर लगाई थी आग; दो दिन पहले पत्नी के साथ पहुंचकर पिता और बहन को दी थी हत्या की धमकी

बिलासपुर। महज 10 डिसमिल जमीन के विवाद में बेटे ने अपने 76 वर्षीय पिता को जिंदा जला दिया। शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने से करीब 90 फीसदी झुलसे विश्राम केंवट ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी बेटे ने वारदात से पहले पिता पर लोहे के हथियार से हमला किया था और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग जान बचाने के लिए घर में इधर-उधर भागते रहे। बेटी ने किसी तरह पानी डालकर आग बुझाई और ग्रामीणों की मदद से उन्हें सिम्स पहुंचाया था। घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है।

ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट के पास कुल 30 डिसमिल जमीन थी। इसका तीन बराबर हिस्सों में बंटवारा होना था। 10 डिसमिल जमीन विश्राम के पास रखनी थी, जबकि शेष 20 डिसमिल में से 10-10 डिसमिल बेटे आशाराम और बेटी दुरपति बाई को मिलना था। इसी बंटवारे को लेकर आशाराम लंबे समय से नाराज था। वह आए दिन पिता के पास पहुंचकर अपने हिस्से की जमीन मांगता और विवाद करता था।

बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे भी आशाराम पिता के घर पहुंचा। उस समय विश्राम घर में अकेले थे। बेटी दुरपति पड़ोस में गई थी और दामाद गंगा प्रसाद काम से बाहर था। पोती सीमा (9) ने मां को मामा के आने की जानकारी दी। दुरपति घर पहुंची तो पिता आग की लपटों से घिरे हुए थे। वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। दुरपति ने तत्काल घर से पानी लाकर आग बुझाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सिम्स पहुंचाया गया। सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह के मुताबिक विश्राम करीब 90 फीसदी झुलस चुके थे। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पत्नी की मौत के बाद बेटी-दामाद बने थे सहारा

विश्राम के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी और एक बेटे परसु की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा पिछले 15 साल से लापता है। बड़ा बेटा आशाराम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रहता था। उम्र अधिक होने के कारण विश्राम ने बेटी दुरपति बाई और दामाद गंगा प्रसाद को अपने साथ रखा था। जमीन बंटवारे को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा था। करीब दो साल पहले भी विश्राम ने बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। दामाद गंगा प्रसाद के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले आशाराम अपनी पत्नी के साथ घर पहुंचा था और पिता व बहन की हत्या करने की धमकी देकर गया था।

हत्या के प्रयास का मामला, मौत के बाद बदलेगी धाराएं

घटना की सूचना मिलने पर सीपत पुलिस सिम्स पहुंची थी। बुजुर्ग की गंभीर हालत के कारण उनका बयान दर्ज नहीं हो सका था। पुलिस ने बेटी दुरपति बाई के बयान के आधार पर आरोपी आशाराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब इलाज के दौरान विश्राम की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा 103 के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।