दुर्गा महाष्टमी पर बिलासपुर के गोल बाजार स्थित प्राचीन हरदेव लाल मंदिर में पारंपरिक महा आरती की गई। शारदीय और चैत्र दोनों नवरात्रों पर महाष्टमी की संध्या यहां देवी की महा आरती की जाती है, जिसमें स्थानीय देवी भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित होते हैं। परंपरा अनुसार इस महा आरती में पहली थाल तेलीपारा में रहने वाले शुक्ला परिवार की होती है। पिता के निधन के बाद यह परंपरा शरद शुक्ला निभा रहे हैं, जिनके साथ इस बार उनके दोनों पुत्र शुभम शुक्ला और सौरभ शुक्ला ने भी देवी की आरती की। शुक्ला परिवार के अतिरिक्त स्थानीय देवी भक्तों ने विधि विधान के साथ घंटे घड़ियाल की ध्वनि संग देवी की महा आरती की, जिसमें बड़ी संख्या में देवी भक्त महिलाएं और पुरुष सम्मिलित हुए। आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।