लड़कियां अब किसी भी मामलों में लड़कों से पीछे नहीं है । मारपीट के भी नहीं। बिलासपुर में लड़कियों के मारपीट का एक और वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि तान्या अली नाम की एक लड़की के लेडी डॉन बनने की कोशिश में इस तरह के वीडियो लगातार बनाये जा रहे हैं ।

बिलासपुर में युवतियों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवतियां एक युवती को घेरकर उसके साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। एक युवती के बाल खींचकर उसे जमीन पर पटकने के बाद लात-घूंसों से पिटाई किए जाने का दृश्य भी वीडियो में दिखाई दे रहा है।


घटना शुक्रवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड पुल के पास की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश थी। झांकी की रात इसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


वायरल वीडियो में नीले कपड़ों में दिखाई दे रही युवती की पहचान सोशल मीडिया पर तान्या अली के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस पहचान की पुष्टि नहीं की है।


न जानकारी, न शिकायतः पुलिस


सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो को लेकर थाने में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस को घटना की आधिकारिक जानकारी भी नहीं है। ऐसे में मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसमें कितने लोग शामिल थे और वीडियो कब का है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शिकायत मिलने या जांच में तथ्य सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।


पहले भी मारपीट का वीडियो वायरल होने का दावा


सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि तान्या अली का इससे पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी किशोर केवट के कार्यकाल में केस दर्ज किए जाने की बात भी सामने आ रही है। मौजूदा घटना के बाद उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से ताकत दिखाने वाला स्टेटस पोस्ट किए जाने का भी दावा किया जा रहा है जिसमें तान्या ने लिखा- कैसा लगा ?