बिलासपुर। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहर्सी (सोन) में व्याख्याता पर प्राचार्य से दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्कूल के प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत देकर व्याख्याता सानुज राम सोनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, व्याख्याता सानुज राम सोनी ने पूरे स्टाफ के सामने प्राचार्य से कथित तौर पर अपशब्द कहे और धमकाते हुए कहा कि, "तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, मैं तुझे प्राचार्य नहीं मानता।" आरोप है कि व्याख्याता ने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद पुरानी कैजुअल लीव के एवज में गुरुवार की छुट्टी देने का दबाव बनाया। इसका विरोध करने पर अन्य शिक्षकों को भी धमकाने का आरोप लगाया गया है।
प्राचार्य की शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना का वीडियो बना रहे संकुल समन्वयक को भी व्याख्याता ने डराया-धमकाया। प्राचार्य ने मामले की शिकायत थाने में भी की है और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
वहीं, व्याख्याता सानुज राम सोनी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और षड्यंत्रपूर्वक बताया है। उनका कहना है कि वे मामले में चुप नहीं रहेंगे और जल्द ही अपनी ओर से शिकायत करेंगे।