बिलासपुर। असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों के खिलाफ तोरवा पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो आदतन बदमाशों समेत तीन महिलाओं के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की दरमियानी रात तोरवा पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग आपराधिक घटना को अंजाम देने की मंशा से घूम रहे हैं। सूचना पर पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों पुरुष संदिग्ध गोलमोल जवाब देने लगे। पुलिस ने उनके नाम-पते की जानकारी लेकर रिकॉर्ड की जांच की।
जांच में रितेश पांडेय (33), निवासी मुनिबाबा गली, जबड़ापारा, सरकंडा के विरुद्ध पूर्व में 8 अपराध दर्ज होना पाया गया। वहीं धीरज रजक (23), निवासी डीएलएस कॉलेज के पीछे, बगदाई मंदिर के पास, सरकंडा, बिलासपुर के विरुद्ध 2 प्रकरण दर्ज पाए गए।
पुलिस ने दोनों को आदतन बदमाश पाए जाने पर उनके साथ तीन महिलाओं के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध गतिविधियों और आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।